सैदपुर नगर पंचायत क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कों और कई गलियों में बाधित जल निकासी की व्यवस्था को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने संज्ञान लिया। इसके चलते नगर पंचायत के होने वाले चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले सैदपुर नगर पंचायत ने लगभग 80 लाख की लागत से तैयार होने वाली कई सड़कों और नालियों के लिए टेंडर जारी किया है। जिन सड़कों के कायाकल्प होना हे उनमें प्रमुख रूप से वार्ड संख्या 8 और वार्ड संख्या 12 को जोड़ने वाली सड़क के अलावा पंकज टॉकीज से आगे नई सड़क को जाने वाला मार्ग, लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले के सामने वाली गली का मार्ग शामिल है।
इसी क्रम में वार्ड संख्या 9 और वार्ड संख्या 13 एवं नगर क्षेत्र के अन्य वार्डों में जल निकासी की नालियां और इंटरलॉकिंग मार्ग के निर्माण की शामिल किया गया हैं। मालूम हो कि इलाके के लोग नगर निकाय के प्रशासनिक अधिकारियों से निरंतर मार्ग को बनाए जाने तथा जल निकासी की मुकम्मल व्यवस्था करने के लिए जोर दे रहे थे। नगर पंचायत सैदपुर के अधिशासी अधिकारी आशुतोष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि निर्माण कार्य के लिए निविदाएं जारी कर दी गई हैं। टेंडर खुलते ही कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया जाएगा। यदि इस बीच नगर पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी हो गई तो कार्य शुरू होने में बाधा आ सकती है।