लठ्ठूडीह। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के ढोढाडीह रेलवे स्टेशन के पास बुधवार की देर शाम रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के रोने-बिलखने से चीख-पुकार मच गई। मुबारकपुर गांव निवासी रमेश सिंह कुशवाहा (55) ढोढाडीह रेलवे स्टेशन पर देर शाम किसी से मिलने आए थे। इसके बाद वह वापस घर लौट रहे थे। रेलवे ट्रैक पार करते समय वाराणसी से बलिया की तरफ जा रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गए और मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी होते ही पुत्र राकेश और बृजेश को साथ लेकर पहुंची पत्नी गुलाबी देवी पति का शव देख चक्कर खाकर गिर गई। जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर थाने ले आई। कागजी कार्रवाई करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।