शहर के महुआबाग स्थित दुकान से चूड़ी की खरीदारीं करती महिलाएं। संवाद
गाजीपुर। पति की लंबी उम्र के लिए महिलाएं 10 अक्तूबर को करवाचौथ का व्रत रखेंगी। पर्व की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। महिलाएं खरीदारी करने बाजार पहुंच रही हैं। वहीं, सुहागिनों ने ब्यूटी पार्लरों में मेकअप और मेहंदी लगवाने के लिए बुकिंग कर ली है। इस बार रजवाड़ा ज्वेलरी भी महिलाएं बहुत पसंद कर रहीं हैं।करवाचौथ पर सुहागन महिलाएं 16 शृंगार करती हैं। इसमें बिंदी, सिंदूर, मंगलसूत्र, चूड़ियां, मेहंदी, काजल, नथ, गजरा, मांग टीका, झुमके, बाजूबंद, अंगूठी, बिछिया, पायल और लाल जोड़ा शामिल है। शृंगार के सामान की खरीदारी के लिए शहर के ब्यूटी शॉप्स, ज्वेलरी स्टोर्स और कॉस्मेटिक दुकानों पर भीड़ है। महिलाएं मैचिंग चूड़ियां, बिंदी, नेल पॉलिश और डिजाइनर ज्वेलरी की खरीदारी कर रहीं हैं। साथ ही ऑनलाइन भी करवाचौथ शृंगार किट्स तेजी से बिक रही है। महुआबाग के कास्मेटिक विक्रेता मुहम्मद लारेब अंसारी ने बताया कि एक सप्ताह पहले से ही महिलाएं खरीदारी शुरू कर देतीं हैं। सबसे ज्यादा शृंगार का सामान ही खरीदा जाता है। प्रमुख बाजार जैसे मिश्रबाजार, लालदरवाजा, टाउन हाल, चितनाथ में भी शृंगार का सामान मिल रहा है। करवाचौथ स्पेशल गिफ्ट हैम्पर्स, रेड थीम मेकअप सेट और पारंपरिक ज्वेलरी बॉक्स की मांग सबसे ज्यादा है।