गाजीपुर। नेहरू युवा केंद्र के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस के अवसर पर स्वच्छ भारत अभियान का शुभारंभ लंगरपुर स्थित वृद्धा आश्रम के परिसर से किया गया। विधिक साक्षरता की सचिव कामायनी दुबे ने महा अभियान की सफलता की शुभकामना दी। साथ ही सभी से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता ने कहा कि भारत को स्वच्छ बनाने के लिए हम सभी को जन भागीदारी से जन आंदोलन के रूप में परिवर्तित कर स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाना है। एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी ने कहा कि प्लास्टिक मुक्त ग्राम बनाने में हम रभी को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना है तभी हमारा भारत स्वच्छ भारत बनेगा। जिला युवा अधिकारी कपिलदेव राम ने बताया कि स्वच्छ भारत अभियान एक से 31 अक्तूबर तक चलेगा जिसमें पूरे जिले से 11000 किलोग्राम प्लास्टिक कचरे को एकत्रित किया जाना है। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी रामविलास यादव, विजयशंकर राय, जिला परियोजना अधिकारी बृजेश कुमार श्रीवास्तव, ज्योत्सना, सुभाषचंद्र प्रसाद, पारसनाथ यादव, अंगद यादव आदि रहे।