गाजीपुर। शहर के कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को कर-करेतर एवं मासिक स्टाफ बैठक हुई। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने परिवहन, वन विभाग, स्टांप, नगर पालिका, आडिट आपत्ति, चकबंदी, व्यापार कर, विद्युत देय, आबकारी, अंश निर्धारण, मोटर देय के संबंध में समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों का निर्देशित किया कि अपने-अपने लक्ष्य के सापेक्ष वसूली कराना सुनिश्चित करें, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। इसके बाद जिलाधिकारी ने मासिक स्टाफ बैठक राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ ली। बैठक में लंबित प्रकरण एवं विवादित प्रकरण, दाखिल खारिज, विवादित वादों का निस्तारण करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं अन्य संबंधित राजस्व अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व कार्यों में सभी अधिकारियों द्वारा सरकार की मंशा के अनुरूप चलाए जा रहे प्रत्येक कार्यक्रम में तत्परता दिखाते हुए कार्यों का संपादन किया जाना सुनिश्चित करें। सरकार की राजस्व योजनाओं का लाभ जनसामान्य को आसानी के साथ प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी राजस्व वसूली का कार्य सर्वाेच्च प्राथमिकता के आधार पर करते हुए डिमांड के अनुसार वसूली सुनिश्चित करें। कहा कि धारा 24, धारा 116, धारा 80, धारा 34, धारा 33, धारा 67 के लंबित मामलों का समयांतराल निस्तारण किया जाए। धारा 34 की सुनवाई और निस्तारण में तहसीलदार और नायब तहसीलदार गंभीरता से कार्य करें और एसडीएम इसकी नियमित समीक्षा भी करें। उन्होंने सीमा स्तम्भ, कृषि भूमि पट्टा, आवास के लिए भूमि आवंटन, कुम्हारीकलां पट्टा आवंटन, अंश निर्धारण एवं अंश संशोधन की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिया। इस मौके पर एडीएम दिनेश कुमार आदि मौजूद रहे।