गाजीपुर। मकर संक्रांति बृहस्पतिवार को है। ऐसे में शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों इलाकों में दुकानें सज गईं हैं। बुधवार को बाजार में चूड़ा, लाई, गुड़, मेवा, तिलकुट की जमकर खरीदारी हुई। पिछले 24 घंटे में करीब आठ से दस लाख की बिक्री दुकानदारों ने की। उधर, पतंगों की दुकानों पर भी लोग उमड़े रहे। यहां ‘नरेंद्र मोदी’ और ‘छोटा भीम’ पतंगों का जलवा रहा। बच्चों ने इनकी जमकर खरीदारी की। परंपरा के मुताबिक इस साल भी 14 जनवरी को मकर संक्रांति का पर्व मनाया जाएगा। शहर के मिश्र बाजार में 12 से अधिक दुकानें लगी हैं। यहां लाई, गुड़, चूड़ा खुले में मिलने के साथ ही सुविधायुक्त छोटे बड़े पैकटों में भी रखे गए हैं। अपने सामर्थ्य के अनुसार लोगों ने इनकी खरीदारी की। सुबह से ही दुकानों पर ग्राहक पहुंचने लगे थे। देर शाम तक बिक्री का क्रम जारी रहा। पिछले वर्ष की भांति इस साल मूल्य कुछ अधिक होने से लोगों ने सामान में जरूर कटौती की। गुड़, लाई, बदामपट्टी, तिलवा, तिलकुट विक्रेता गणेश ने बताया कि पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार बिक्री कम हुई है। मकर संक्रांति के दिन बिक्री और बढ़ सकती है। शहर के नखाश, लाला दरवाजा, मिश्र बाजार, गोराबाजार, महुआबाग चौराहा पर पतंगों के अस्थायी बाजार सजे हैं। लहुरी काशी में पतंगबाजी का क्रेज तीन दिन पहले से नजर आने लगा है। छतों में रंग-बिरंगी पतंगों से युवा व बच्चों ने पेंच लड़ाना शुरू कर दिया है। बाजारों में विभिन्न रंगों और डिजाइनों की पतंगों की बिक्री हो रही है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, छोटा भीम एवं रंगीन व फूल-पत्तियों की पतंग बच्चों की पहली पसंद है। इन पतंगों की लंबाई तीन फुट तक है। इसके अलावा देवी-देवताओं, फिल्मी स्टार्स समेत कई नामी हस्तियों के फोटो लगी पतंगे भी बाजार में हैं। पांच रुपये से लेकर 60 रुपये तक की पतंगे बाजार में हैं। पतंग के साथ धागा लेने पर कीमत 100 से 600 रुपये तक जा रही है।