शहर के शास्त्रीनगर स्थित चौराहे का हो रहा कायाकल्प। संवाद
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। साज-सज्जा के साथ नगर के प्रमुख चौराहों का कायाकल्प किया जा रहा है। 50 लाख रुपये खर्च कर महुआबाग, शास्त्रीनगर, सिंचाई विभाग चौराहों की सूरत संवारी जा रही है। जबकि मिश्रबाजार के चौराहे का सुंदरीकरण कराया जा चुका है। बाकी चौराहों को भी जल्द पूर्ण कराकर उनकी सुंदरता में चार चांद लगाए जाएंगे। उधर, महापुरुषों की प्रतिमाओं को भी तिरंगे रंगों से सजा दिया गया है। शाम में झालरों की अनुपम छंटा देखते ही बन रही है। हालांकि नपा ने एक चौराहे से दूसरे चौराहे तक लगे खंभों पर भी बिजली की आर्कषक सजावट कराई है। मिश्रबाजार स्थित चौराहे का कायाकल्प करने के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा तक आसानी पहुंचा जा सके, इसके लिए सीढ़ियों का निर्माण कराने के साथ स्टील की ग्रिल लगाई गई है। रंगरोगन के अलावा उसके एक आर्कषक रूप दिया गया है। शास्त्री नगर चौराहे का कायाकल्प किया जा रहा है। जहां चौराहे की दीवार पर टाइल्स लगाए जा रहे हैं तो वहीं बैठने के लिए बेंच भी लगाए गए हैं। यहां स्थापित लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा तक पहुंचने के लिए सीढ़ी एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुसज्जित किया जा रहा है। इसके अलावा महुआबाग चौराहे के कायाकल्प का भी जल्द कार्य शुरू हो जाएगा। इसके बाहरी दीवारों को टाइल्स लगाए जाएंगे और फव्वारों के निरंतर संचालन की बेहतर व्यवस्था की जाएगी। सिंचाई विभाग चौराहे का भी कायाकल्प कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इन चौराहों के कायाकल्प के बाद नगर की सुंदरता में जहां चार चांद लग जाएंगे तो वहीं लोग चौराहों के आस-पास टहल कर शाम का लुत्फ उठा सकेंगे। यहां की सड़कों को चौड़ा करने के साथ पटरियों पर पाथ-वे का निर्माण सिमिटेंड रंग-बिरंगी ईंटों से कराया जाएगा। उधर, आजादी के अमृत महोत्सव के तहत नगर के विभिन्न चौराहों पर स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया है, जो शाम होते ही जगमग हो रही हैं। नगर के बड़े चौराहों में शामिल विकास भवन चौराहा, पीजीकालेज चौराहा, भुतहियाटांड स्थित सैनिक चौराहा और विशेश्वरगंज चौराहे का भी जल्द कायाकल्प कराया जाएगा। इनके कायाकल्प एवं आकर्षक बनाने के लिए नपा प्रशासन की ओर से प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। हालांकि अब तक शासन की ओर से इस प्रस्ताव पर मुहर नहीं लग सकी है। नपा प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही प्रस्ताव पर मुहर लगने के साथ ही कायाकल्प के लिए बजट मुहैया होगा। ईओ नगर पालिका परिषद लालचंद्र सरोज ने बताया कि मिश्र बाजार चौराहे का कायाकल्प हो चुका है। शास्त्रीनगर चौराहे का चल रहा है। इसके बाद महुआबाग और सिंचाई विभाग के चौराहों का सुंदरीकरण होगा। 50 लाख रुपये खर्च कर इन्हें आकर्षक बनाया जाएगा।