फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghazipur News: मस्जिदों में हुई शानदार सजावट पूरी रात घरों में होगी इबादत

विज्ञापन
विज्ञापन
अकीदत के साथ मनेगा त्योहार, मस्जिदों की हुई शानदार ढंग से सजावट
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
बारा। पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्ल. की यौमे पैदाइश ईद मिलादुन्नबी बृहस्पतिवार को अकीदत के साथ मनाया जाएगा। पूरी रात घरों में इबादत की जाएगी। महफिल, मिलाद, जलसा और अन्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। मस्जिदों एवं घरों में शानदार सजावट की गई है, त्योहार के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। सेवराई तहसील के कमसार-ओ-बार के गांवों में खास तैयारी की गई है। जामा मस्जिद बारा पूर्वी, मस्तानबाग मस्जिद, हाजी साहब वाली मस्जिद, मझली पट्टी मस्जिद की शानदार ढंग से सजावट की गई है। दारुल उलूम अहले सुन्नत मदरसा गौसिया से जुलूस निकाला जाएगा, जो गांव का भ्रमण करते हुए पुनः मदरसे में पहुंचेगा।
दारुल उलूम अहले सुन्नत मदरसा गौसिया के प्रिंसिपल मौलाना कलीमुद्दीन शम्सी ने बताया कि इस्लाम धर्म के प्रवर्तक हजरत मोहम्मद सल्ल. का जन्म अरब के शहर मक्का में 571 ई. में 12 तारीख को हुआ था। पैगंबर साहब के जन्म से पहले ही उनके पिता का निधन हो चुका था। वह छह वर्ष के थे तो उनकी मां की भी मौत हो गई। मां के निधन के बाद पैगंबर मोहम्मद सल्ल. अपने चाचा अबू तालिब और दादा अबू मुतालिब के साथ रहने लगे।
विज्ञापन

इनके पिता का नाम अब्दुल्लाह और माता का नाम बीबी आमिना था। अल्लाह ने सबसे पहले पैगंबर हजरत मोहम्मद को ही पवित्र कुरआन अता की थी। इसके बाद हजरत मोहम्मद सल्ल. ने पवित्र कुरआन का संदेश दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाया। अरबी महीने की तारीख 12 रबी उल औव्वल हर वर्ष मनाई जाती है।
इस दिन रात भर प्रार्थना होती है और जगह-जगह जुलूस भी निकाले जाते हैं। घरों और मस्जिदों में कुरआन पढ़ी जाती है। ऐसी मान्यता है कि ईद मिलादुन्नबी के दिन दान और जकात से अल्लाह खुश होते हैं। क्षेत्र में ईद मिलादुन्नबी की सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गईं। कमसार-ओ-बार के गांवों में जुलूस-ए-मोहम्मदी के मद्देनजर गलियों में हरी झंडी और बैनर लगाने के साथ ही सभी मस्जिदों की शानदार तरीके से सजावट की गई है।
विज्ञापन

बुधवार को दुकानों पर हरी झंडी और बैनर आदि के खरीदारों की भीड़ जुटी। पुलिस प्रशासन की ओर से जुलूस को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। मंगलवार को एसपी ओमवीर सिंह, एसडीएम सेवराई संजय यादव, सीओ जमानिया विधिभूषण मौर्या, प्रभारी निरीक्षक गहमर पवन कुमार उपाध्याय तथा बारा चौकी प्रभारी तरुण पांडेय ने बारा पुलिस चौकी पर क्षेत्र के ग्राम प्रधानों एवं अन्य लोगों के साथ बैठक कर जुलूस-ए-मोहम्मदी को परंपरागत ढंग से शांतिपूर्ण माहौल में निकालने और ईद मिलादुन्नबी को आपसी सौहार्द के माहौल में मनाने की अपील की।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें