शहर सहित जिले ग्रामीण क्षेत्रों में सप्तमी से दुर्गापूजा की धूम शुरू हो गई। जगह-जगह बनाए गए आकर्षक तथा भव्य पंडालों में दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना की गई। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में पंडाल में स्थापित कुछ प्रतिमाओं के पट सुबह ही खोल दिया गया, वहीं अधिकांश प्रतिमाओं का पट शाम को खोला गया। शाम को दर्शन के लिए पंडालों के पास दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ी।
शाम को मां की आरती के दौरान वातावरण पूरी तरह से देवीमय बन गया था। आज से शुरु हुए पूजा-आरती का यह क्रम नवमी तिथि तक बना रहेगा। हालांकि कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में नवरात्र के पहले दिन से प्रतिमा स्थापित कर पूजन-अर्चन का कार्य जारी है। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से पंडालों के पास पर्याप्त पुलिस कर्मियों की तैनाती गई है। पिछले कई दिनों से शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में पूजा समितियों द्वारा पंडालों को बनाने का कार्य किया जा रहा था। पूजन से एक दिन पूर्व पंडाल को अंतिम रूप दे दिया गया।
सप्तमी के दिन पंडालों के पास पूरी चहल-पहल दिखने लगी। शहर के विभिन्न मुहल्लों में पंडालों में स्थापित प्रतिमाओं का पट देर शाम खोला गया। पट खुलते ही पूजा-पाठ का कार्य शुरू कर दिया गया। शाम को पूजा पंडालों के पास दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने मां का जयकारा लगाते हुए उनका दर्शन किया। ढोल-नगाड़े पर शाम होने वाली आरती को देखने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही।
पंडालों के आसपास सजाई गई झालर रंग-बिरंगी छटा बिखेर रही है। भीड़ के चलते कई मार्गों पर लोगों को जाम का मुंह देखना पड़ा। कमोवेश इसी तरह की स्थिति ग्रामीण क्षेत्रों में भी रही। पूजा पंडालों में देर शाम तक माता के दर्शन के लिए दर्शनार्थी पहुंचते रहे।
शहर और कसबों में लगने लगा जाम
गाजीपुर। दुर्गा पूजा के लिए पंडाल तथा सजावट के चलते सड़कों पर जगह-जगह जाम लगने लगा है। यह हालत सिर्फ शहर की ही नहीं है बल्कि कई ग्रामीण क्षेत्रों की भी है। पंडाल तथा उसके आसपास सजावट के चलते सड़कें संकरी हो गई है। त्योहार पर लोगों के गमनागमन तथा खरीदारी का क्रम बढ़ने के कारण बाजारों में भीड़ हो रही है। शहर के मिश्रबाजार, लालदरवाजा, चीतनाथ, लंका आदि क्षेत्रों में प्राय: जाम लगने लगा है। इसी प्रकार कसबों में भी पंडालों के सजावट के चलते जाम की समस्या उत्पन्न हो गई है।
बस और गाड़ियों में बढ़ी भीड़
गाजीपुर। दुर्गापूजा, दशहरा आदि त्योहारों के चलते बस तथा रेलगाड़ियों में भीड़ हो रही है। निजी तथा सरकारी बसों में भीड़ की वजह से लोगों को परेशानी हो रही है। जिले में रेल यातायात के तीन रुट हैं। इसमें मुगलसराय- बक्सर, औड़िहार- मऊ तथा वाराणसी- बलिया रुट पर देश के सभी बड़े महानगरों से गाड़ियां आती है। इनमें भीड़ देखने को मिल रही है। सबसे अधिक परेशानी बिना आरक्षण के सपरिवार यात्रा कर रहे लोगों को हो रही है। यही हालत बसों की भी है। छुट्टियां शुरु होते ही बाहर रह कर नौकरी कर रहे लोगों ने गांव-घर का रुख कर लिया है।