त्योहारी सीजन से पहले लिए गए फैसले का महिलाओं ने किया स्वागत
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। जिले में उज्जवला योजना के साथ सामान्य सिलेंडर धारकों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार ने घरेलू सिलेंडर पर 200 रुपये और उज्जवला योजना के धारकों को 400 रुपये सब्सिडी देने की घोषणा है। ऐसे में जनपद के कुल 5.51 लाख से अधिक कनेक्शन धारकों के लाभ मिलेगा। इसमें 5 लाख से अधिक सामान्य कनेक्शन धारक और दो लाख 31 हजार उज्जवला योजना के पात्र लाभांवित होंगे। इधर सरकार की इस घोषणा से गृहणियों में हर्ष व्याप्त है। सभी ने एक स्वर में सरकार की इस घोषणा की जमकर सराहना की है।
घरेलू सिलेंडर पर सब्सिडी मिलने की जानकारी होते ही जहां महिलाओं के चेहरे पर मुस्कान दिखी, वहीं जेब पर पड़ रही भार कम होने की चमक साफ पुरुषों पर दिखाई पड़ रही थी। महिलाओं ने कहा कि सरकार द्वारा काफी समय बाद घरेलृू सिलेंडर को लेकर जो घोषणा की है, उससे रसोई की बजट अब संतुलित हो जाएगी।
महंगाई के इस दौर काफी राहत देने का प्रयास सरकार द्वारा किया गया है। घरेलू सिलेंडर की तरह प्रत्येक सामान पर थोड़ी सी राहत मिल जाती तो काफी बेहतर होता है। सरकार के इस फैसले की जानकारी होते ही नगर से लेकर ग्रामीण इलाकों के लोगों ने सरकार के इस कदम की काफी सराहना करते हुए कहा कि महंगाई के इस दौर में थोड़ी राहत मिल जाएगी। कम से कम सिलेंडर को लेकर तो जेब पर बोझ कम हुआ। खासकर उज्जवला योजना के पात्रों को काफी लाभ मिलेगा।
-
काफी समय से सिलेंडर महंगा हो रहा था। इससे मध्यम वर्ग के परिवार का बजट बिगड़ रहा था। हालांकि 200 रुपये की राहत आम जनमानस के लिए राहत भारी खबर है।-संध्या, गृहणी
महंगाई के कारण रसोई घर का बजट बिगड़ चुका है। सब्जी से लेकर किराना तक के सामान महंगे हो चुके हैं। हालांकि सरकार ने रसोई गैस के दाम कम किया है। इससे कुछ राहत मिलेगी।-सुधा, गृहणी
-
घरेलू गैस सिलेंडर सस्ता होने से घर चलाने में कुछ सहूलियत मिलेगी। अभी भी सिलेंडर का रेट अधिक है और सस्ता करने की जरूरत है। -स्वाति सिंह , गृहणी
मध्यम वर्ग के परिवार के लिए घरेलू गैस सिलेंडर दाम घटने से राहत मिली है। हालांकि यह चुनावी स्टंट लग रहा है। पुनः चुनाव होने के बाद इसके बढ़ने का डर अभी से सताने लगा है। -चांदनी जायसवाल, गृहणी