कलेक्ट्रेट परिसर में 76 वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह 7.30 बजे स्कूली बच्चों द्वारा प्रभातफेरी निकाली गई जो शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में समाप्त हुई। जिलाधिकारी एमपी सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में झंडारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान से पूरा वातावरण गूंज उठा। जिलाधिकारी ने स्कूली बच्चों में मिठाइयां बांटी। इस दौरान स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह पर बधाई देते हुए कहा कि आज हम 15 अगस्त को अपना 76वां स्वाधीनता दिवस समारोह मना रहे है। यह अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर हमें लंबे संघर्ष एवं बलिदान के बाद प्राप्त हुआ है।
कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता, धर्म निरपेक्षता और सांप्रदायिक सौहार्द की भावना को न केवल अक्षुण्ण बनाए रखना जरूरी है, बल्कि सर्वधर्म संभाव व भाईचारे की भावना को भी स्थापित करना हमारा पुनीत कर्तव्य है। आज का दिन हमारे देश के ज्ञात-अज्ञात अगणित देश भक्तों और शहीदों को स्मरण करने का भी दिन है। जिनके अकथनीय संघर्ष, बलिदान के फलस्वरूप हमें आज यह गरिमामयी दिन मनाने का शुभ अवसर प्राप्त हुआ है।
गाजीपुर बलिदानियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का जिला: दयाशंकर दयालु
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन दयाशंकर मिश्र दयालू ने कलेक्ट्रेट स्थिति सरजू पांडेय की मूर्ति पर माल्यार्पण करने के बाद रायफल क्लब परिसर में ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान गान और भारत माता की जय के नारों के उद्घोष के साथ पूरा वातावरण गूंज उठा।
जलसा गार्डेन में राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसी कड़ी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, आश्रितों और शहीदों के परिजनों को अंगवस्त्र, मिष्ठान एवं उपहार स्वरूप वाल हैगिंग देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी एम पी सिंह ने अतिथियों का स्वागत एवं जनपद में आयोजित स्वतंत्रता सप्ताह के दौरान आयोजित विविध कार्यक्रमों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन की रूप रेखा पर प्रकाश डाला। इस मौके पर कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा इस अवसर पर सांस्कृतिक और देश भक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसा जिला नहीं होगा जहां इतनी बड़ी संख्या में देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले बलिदानी, सैनिकों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी है। मैं भी सौभाग्यशाली हूं कि मैं इसी जिले का जन्मा हूं। गोमती नदी के किनारे मेरा जन्म हुआ तथा गंगा के तट काशी में पला बढ़ा। और, आज आपके सामने खड़ा हूं। उन्होंने विश्वनाथ सिंह गहमरी की कहे कथनों को दोहराते हुए कहा कि गाजीपुर की गरीबी का जिक्र करते हुए हुए तत्कालीन सांसद विश्वनाथ सिंह गहमरी ने नेहरू जी से कहा था कि यदि गरीबी देखनी है तो पूर्वांचल आईए जहां के गरीब, किसान, मजदूर बैल के गोबर से गेहूं के दाने को छानकर खाने को मजबूर है। लेकिन आज आजादी के 75 वर्ष के बाद गाजीपुर का जिला अब वह जिला नहीं रह गया है। यह जिला अब हिन्दुस्तान में शहीदों और पहलवानों का जिला कहा जाता है।
तिरंगा को देख लगा यह हिंदुस्तान का त्योहार है: चंचल
एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने कहा कि घर-घर तिरंगा से प्रत्येक नागरिक के भीतर आत्मविश्वास बढ़ा है और राष्ट्र प्रेम की भावना जागृत हुई है। उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तान त्योहारों का देश है। पहले त्योहार के दिन पता लग जाता था कि यह किस धर्म का त्योहार है लेकिन आज हर घर पर तिरंगा लगा देख लगता है कि यह हिन्दुस्तान का त्योहार है। उन्होंने जिला प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि आज मैं आपने आप में गर्व महसूस कर रहा हूूं कि इतनी बड़ी संख्या में शहीदो एंव स्वतंत्रता सेनानियो के आश्रितो से मुलाकात हुई। उन्होंने शहीद परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यदि किसी प्रकार की उन्हे मदद की आवश्यकता पड़ती है तो उन्हें देने का प्रयास किया जाएगा।
कलेक्ट्रेट कार्यालय को साज-सज्जा में प्रथम स्थान मिला
सांस्कृतिक कार्यक्रम में लुर्दस कांवेट बालिका इंटर कालेज को समूह नृत्य में प्रथम स्थान, राजकीय बालिका इंटर कालेज को एकल नृत्य में द्वितीय स्थान, कोरस गीत के लिए शाह फैज पब्लिक स्कूल को तृतीय स्थान मिला। वहीं, स्वतंत्रता सप्ताह के तहत सभी सरकारी कार्यालयों पर साफ-सफाई, रंग-रोगन व लाईटिंग व्यवस्था झालर से किया गया था जिसकी स्थालीय जांच में भव्यता एवं सुंदरता के आधार पर जिला कलेक्ट्रट कार्यालय भवन को प्रथम, डीआडीए कार्यालय भवन विकास भवन को द्वितीय एंव संयुक्त रूप से तृतीय स्थान तहसील सदर कार्यालय भवन एवं जिला एंव सत्र न्यायालय कार्यालय भवन ने प्राप्त किया।
समारोह का संचालन नेहरू युवा केंद्र के लेखा एवं कार्यक्रम सहायक सुभाष चंद्र प्रसाद एवं प्रीति उपाध्याय उप प्रधानाचार्य ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर एमएलसी विशाल सिंह चंचल, विधायक जंगीपुर विरेंद्र यादव एवं विधायक सदर जैकिशुन साहू, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिलाध्यक्ष भाजपा भानू प्रताप सिंह, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।