सुहवल। सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाने के लिए जिला प्रशासन ने ठोस कदम उठाना शुरु कर दिया है। बृहस्पतिवार की शाम जमानिया के नायब तहसीलदार राकेश कुमार के नेतृत्व में पहुंची राजस्व एवं पुलिस टीम ने अधियारा, अंधारीपुर में चकरोड, चकनाली, खलिहान पर वर्षों से कब्जा जमाए भू-माफियाओं से करीब चार बीघे जमीन मुक्त कराई। साथ ही सोनवल गांव में पीडब्ल्यूडी की जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा जमा पक्के निर्माण को भी जेसीबी मशीन से ध्वस्त कराया। चेताया कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधियारा गांव निवासी सोतीम ने बीते 2020 में ग्राम सभा की विभिन्न जमीनों पर अवैध तरीके से किए गये कब्जे को हटाने के लिए उच्च न्यायालय में एक याचिका दाखिल किया था। न्यायालय ने सुनवाई के दौरान आदेश को सुरक्षित कर बीते चार जनवरी को जिलाधिकारी को आदेशित किया कि जल्द अतिक्रमण हटाकर मामले की जानकारी 25 फरवरी को दी जाए। इसके बाद हरकत में आए प्रशासन ने सरकारी जमीन को भू-माफियाओं से मुक्त कराया। जबकि सोनवल गांव निवासी रामकृपाल सिंह ने बीते वर्ष हाईकोर्ट में एक याचिका दाखिल किया कि पीडब्ल्यूडी की जमीन में कब्जा कर पक्का निर्माण करा लिया गया है। न्यायालय के आदेश के बाद पक्के मकान को ध्वस्त करा दिया गया। इस दौरान उपनिरीक्षक सर्वेश तिवारी, राजस्व निरीक्षक इंद्रप्रताप सिंह, रामराज, बृजकिशोर, ऋतुराज, विनय सिंह, निरंजन, बेचू राम आदि मौजूद थे। नायब तहसीलदार जमानिया राकेश कुमार ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में अधियारा, सोनवल में सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को हटवाया गया है। साथ ही पीडब्लूडी की जमीन पर अवैध पक्के निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई है।