मरदह। बारिश तो थम गई पर गरीबों की झोपड़ी और कच्चे मकान गिरने का सिलसिला अब भी जारी है। बुधवार की देर शाम मरदह थानाक्षेत्र के डोड़सर गांव के वीरेंद्र राजभर का कच्चा मकान गिर गया। घटना के समय वह परिजनों संग घर में मौजूद थे। बारिश से भीगी कच्ची दीवार और पास में स्थित पोखरी के पानी के दबाव से दलदली जमीन के कारण कच्चा खपरैल का घर गिर गया। संजोग रहा कि परिवार बाल-बाल बच गया। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मिट्टी का मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला। दीवार गिरने से घर गृहस्थी का हजारों का सामान दबकर नष्ट हो गया। क्षेत्रीय लेखपाल लालजी राम ने बताया कि मौका मुआयना करते हुए क्षतिपूर्ति का आकलन कर तहसील मुख्यालय को मुआवजा रिपोर्ट भेजी गई है।