कासिमाबाद। कुशवाहा महासभा की बैठक बृहस्पतिवार को कुतुबपुर स्थित एक मैरेज हाॅल में हुई। जिलाध्यक्ष रामराज कुशवाहा ने कहा कि हमारा समाज मेहनतकश, ईमानदार व अधिकतर कृषि कार्य से जीवन यापन करता है। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों के शासनकाल में देश न सिर्फ अखंड था बल्कि विकसित रहा। आज हम याचक की भूमिका में खड़े हैं। दुर्भाग्य से हमारा समाज सोया है। इसको जगाने की आवश्यकता है। पूर्व सांसद जगदीश सिंह कुशवाहा ने कहा कि समाज तब तक प्रगति और समृद्धि नहीं प्राप्त कर सकता है, जब तक कि वह शिक्षित नहीं होगा। शिक्षा ही किसी समाज को विचारवान, संस्कारवान व शीलवान बनाता है। पूर्व प्रमुख ओमप्रकाश अकेला ने कहा कि बिना सामाजिक कुरीतियों को दूर किए समाज का उत्थान व निर्माण नहीं हो सकता है। शिक्षा जितनी जरूरी है, उतना ही राजनीति भी समाज के विकास में महत्वपूर्ण है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा ने कहा कि किसी भी समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। युवा पीढ़ी ही परिवर्तन की अग्रदूत है। अंत में उतराव निवासी व छात्रा रिया कुशवाहा को आर्थिक मदद की गई। इस मौके पर जयप्रकाश कुशवाहा, रामनिवास कुशवाहा, अलगू कुशवाहा, राम अवध, हरेंद्र आदि मौजूद रहे।