गाजीपुर। वैश्विक महामारी कोरोना से जान गंवाने वालों की याद को संजोने के लिए वन विभाग की ओर से जिले में कोविड स्मृति वन स्थापित किया जाएगा। इसके लिए शहर के निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में भूमि चिन्हित की गई है। इस वन में फलदार, पर्यावरणीय एवं औषधीय पौधे लगाए जाएंगे। इन पौधों को पीड़ित परिजन रोपेंगे। कोरोना की दूसरी लहर ने जिले में काफी कहर बरपाया। इसके चलते जहां विभिन्न आयु वर्ग के बड़ी संख्या में लोग संक्रमित हुए वहीं कई लोगों की जान भी चली गई। इस बीमारी से मृत लोगों की याद को संजोने के लिए सरकार की ओर से कोविड स्मृति वन की स्थापना कराने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए शासन ने हर जिले में जमीन चिन्हित करने का निर्देश दिया था। शहर के आरटीआई मैदान के पास बन रहे राजकीय मेडिकल कालेज परिसर में वन विभाग की ओर से स्मृति वन की स्थापना के लिए जमीन चिन्हित की गई है। इस संबंध में वन विभाग के अधिकारियों की ओर से पिछले दिनों चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया गया था। महामारी से मृत लोगों की याद में स्थापित होने वाले इस वन में पीड़ित परिजनों की ओर से फलदार, पर्यावरणीय एवं औषधीय पौधे रोपित किए जाएंगे। स्मृति वन में अर्जुन, नीम, आंवला, जामुन जैसे औषधीय और अधिक मात्रा में ऑक्सीजन देने वाले पीपल, बरगद, पाकड़ जैसे पौधे रोपे जाएंगे।