दिलदारनगर। थाना क्षेत्र के उसिया गांव में सोमवार देर रात किसी बात को लेकर कहासुनी के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर चाकू से हमला कर दिया। चाकूबाजी में चार किशोर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। उनकी हालत गंभीर होने पर एक को वाराणसी रेफर दिया गया। उधर परिजनों की तहरीर पर पुलिस टीम ने पांच के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। इसके साथ ही दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी कर रही है। गांव के उत्तर और बाजार मुहल्ले के कुछ किशोर रात करीब दस बजे एक कोल्ड्रिंग की दुकान पर बैठे हुए थे। इस दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। इसके बाद उनको सबक सिखाने के लिए मुहल्ले के कुछ युवक घर से धारदार हथियार, चाकू और डंडा लेकर मौके पहुंच गए और उन पर हमला बोल दिया। घटना में एनाम (14) एवं कैफ (14) को पैर और दानिश (12) को सीने और अमजद (15) को छाती में चाकू लगने से गंभीर हो गए। इधर घटना की जानकारी होने के बाद परिजन और ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंच गए। आनन-फानन में घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अमजद की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। जमानिया के खिदिरपुर गांव निवासी गंभीर रूप से घायल अमजद बचपन से ही ननिहाल रहकर पढ़ाई करता था।इधर घायल दानिश के पिता एजाज की तहरीर पर पुलिस ने बाजार मुहल्ला निवासी वसीम, तौसिफ, सौफ, जैद और अमजद के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। थाना प्रभारी धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।