स्थानीय कोतवाली से महज 200 मीटर की दूरी पर ब्लाक के पास रविवार की रात करीब 9.30 बजे बिजली विभाग के मीटर रीडर को लूटने में विफल हमलावर ने उसके गले पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। वहीं पुलिस ने हमलावर की तहरीर पर घायल मीटर रीडर के खिलाफ ही हत्या करने का प्रयास सहित अन्य मामलों में मुकदमा दर्ज कर लिया है। जबकि अब तक घायल पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर देने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
घायल रजनीकांत तिवारी उर्फ बंटी (32) के बड़े भाई रविशंकर तिवारी ने बताया कि रात करीब 9.30 बजे रजनीकांत अपने साथी के साथ मदनपुरा स्थित घर लौट रहे थे। वह विकास खंड तिराहे से आगे बढ़े तभी पीछे से दो लोगों के साथ आए हमलावर ने उसकी गर्दन पर झपट्टा मार कर सोने की चेन छीनने का प्रयास किया, लेकिन रजनीकांत ने हाथ पकड़ लिया। जिस पर हमलावर के साथियों ने उसे छुड़ा दिया और हमलावर ने हत्या की नीयत से गर्दन और हाथ पर चाकू मार दिया। इसके बाद लोग जमा हो गए और उन्होंने हमलावर को पकड़कर पीट दिया।
उन्होंने बताया कि तहरीर देने के बाद भी रजनीकांत का मुकदमा अब तक दर्ज नहीं किया गया है। जबकि हमलावर की तहरीर पर पुलिस ने घायल के खिलाफ एसीएसटी एक्ट और हत्या के प्रयास आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। ग्रामीणों में इस बात की चर्चा है कि पुलिस की भूमिका शुरू से ही संदिग्ध रही है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि एक पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दूसरे पक्ष की भी तहरीर मिलेगी तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा।