संवाद न्यूज एजेंसी
बारा। बिहार सीमा पर स्थित जिले के बारा गांव निवासी मेघालय में वरिष्ठ अधिवक्ता खालिद खान को मेघालय का एडवोकेट जनरल बनाया गया है। इनके चयन पर परिवार समेत ग्रामीणों ने हर्ष जताया है।
गांव स्थित गुलशन ए महमूद प्रांगण में सोमवार को एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए बारा साहित्य मंच के संरक्षक सरवत महमूद खान ने कहा कि खालिद के एडवोकेट जनरल बनने के साथ ही मेघालय के कानून जगत में एक स्वर्णिम युग का प्रारंभ हो चुका है। इसके अलावा अल खैर ग्रुप और बज्म-ए-अदब मनियां के अध्यक्ष शाहनवाज खान मुजाहिद और सेक्रेटरी मंसूर आलम ने भी हर्ष जताया है।
बता दें कि बारा गांव निवासी खालिद के बड़े भाई नुरैन खान भी मेघालय में जज के पद पर कार्यरत हैं। वहीं अब खालिद खान को भी एडवोकेट जनरल बनाया गया है। गौरतलब हो कि एडवोकेट जनरल राज्य सरकार का लीगल हेड होता है। इस पद पर नियुक्त व्यक्ति राज्य विधानसभा की कार्यवाही में भी भाग ले सकता है और राज्य सरकार को कानूनी मामलों में राय शुमारी करता है।