लंबे समय बाद जिले में कालाजार का एक मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। आनन-फानन में पहुंची मलेरिया विभाग और स्थानीय सीएचसी की टीम ने परिजनों से मुलाकात करके पीड़ित की जानकारी ली। साथ ही सात घरों में छिड़काव किया गया। बीएचयू में मरीज उपचार कराकर स्वस्थ है।
मुहम्मदाबाद निवासी एक मरीज कालाजार पीड़ित मिला। परिजन उन्हें उपचार के लिए बीएचयू ले गए जहां से रिपोर्ट मलेरिया विभाग को भेजी गई। इसके बाद विभाग की टीम सीएचसी के डॉक्टर एवं स्वास्थ्य कर्मियों के साथ मरीज के घर पहुंची जहां ब्यौरा खंगालने के बाद अन्य लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। दवा का छिड़काव करने के बाद मकान से सटे आस-पास के सात मकानों में दवा का छिड़काव किया गया, जिससे संक्रमण से कोई प्रभावित न हो।
मरीज के साथ बीएचयू गए उनके पुत्र से संपर्क साधा गया तो वह स्वस्थ है और डिस्चार्ज हो चुके हैं। ऐसे में टीम मरीज के घर पहुंचने का इंतजार कर रही है, जिससे जानकारी ली जा सके। इस संबंध में मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि एक कालाजार का मरीज मिला है। वह स्वस्थ हैं। घरों में छिड़काव एवं मॉनीटरिंग शुरू कर दी गई है।