जमानिया। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चलते टेंपो में महिला की अटैची काटकर 2.33 लाख के आभूषण और चार हजार रुपये उचक्के उड़ा ले गए। पीड़िता रीता देवी निवासी अठहठा की तहरीर पर पुलिस ने सुमित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं। रीता देवी 12 नवंबर की सुबह भदौरा रेलवे स्टेशन से फरक्का स्पेशल ट्रेन में सवार हुई थीं। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद देवरिया जाने के लिए सवारी टेंपो पकड़ा। आरोप है कि टेंपो में सवार युवक ने उनकी पीछे रखी अटैची काटकर सोने का झुमका, मंगलसूत्र, लॉकेट, अंगूठी, चांदी की पैजनी, चार जोड़ी पायल, चार हजार रुपये नकद और आधार कार्ड चोरी कर लिया। रास्ते में आरोपी टेंपो से उतरकर फरार हो गया। घर पहुंचने पर अटैची खोलने पर चोरी की जानकारी हुई।