दुल्लहपुर। थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर पाहि गांव में रविवार की देर रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाया। पांच लाख के रुपये आभूषण और दो लाख की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। गांव निवासी पीड़ित कमलेश यादव के मकान के पीछे से चोर छत पर चढ़ गए और सीढ़ी के रास्ते घर में घुसे। चोरों ने सो रहे परिजनों के कमरे का आगे से सिटकनी को गमछे से बांध दिया और तीन कमरों में रखे बक्सों का ताला तोड़कर पांच के आभूषण और दो लाख की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। साथ ही छह छोटे बक्से एवं सूटकेस लेकर चले गए। बिजली आपूर्ति बंद होने पर जब कमलेश यादव की नींद टूटी तो वह दरवाजा खोलने लगे। बाहर से दरवाजा बंद होने से वह शोर मचाना शुरू कर दिए। आवाज सुनकर बाहर सो रहे घर के अन्य सदस्य जब घर में आए तो तीनों कमरे में रखे बक्सा का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने ने बाहर से बंद पड़े दरवाजे को खोला और पीड़ितों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इधर आवाज सुनकर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में छोटे बक्से एवं सूटकेस देखकर परिवार के लोग बिलख पड़े। पीड़ित कमलेश यादव ने बताया कि चोरों ने पांच लाख के आभूषण एवं दो लाख की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने बताया कि छानबीन की जा रही है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।