जखनिया। स्थानीय रेलवे स्टेशन के उत्तरी केबिन गेट पर रेल ट्रैक की मरम्मत करने की लेकर सोमवार की सुबह नौ बजे से ही भुड़कड़ा मार्ग पर देर शाम तक वाहनों का जाम लगा रहा। ऐसे में तेज धूप होने से जाम में फंसकर लोग बिलबिलाते रहे। इधर, दो पहिया वाहन किसी तरफ जखनिया गांव से होकर दो किलोमीटर का चक्कर लगाते हुए सादात मार्ग होते हुए गंतव्य के लिए रवाना हुए। जाम से सब्जी मंडी, रेलवे स्टेशन चौराहा, चौजा तिराहा तक जाने वाली सड़क पर दर्जनों ट्रक कार और दो पहिया खड़ी कर लोग तेज धूप में कराहते रहे। पूरे बाजार में वाहनों की कतार लगी रही। इसके चलते तहसील मुख्यालय से यूनियन बैंक तक जाम की स्थिति बनी रही। स्टेशन मास्टर इनरु राम ने बताया कि उत्तरी केबिन के पास रेलवे ट्रैक काफी नीचे है। इससे गेट बंद करके मशीन से ऊपर उठाया जा रहा है। इसके चलते उत्तरी केबिन के गेट को बंद किया गया था। रेल ट्रैक ठीक होने पर गेट खुलवा कर आवागमन चालू करवा दिया जाएगा।