गाजीपुर। गहमर कोतवाली पुलिस ने शनिवार की रात 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने बदमाश के पास से 1 तमंचा और 45 पाउच ( 9 लीटर) अवैध देसी शराब बरामद किया है। पकड़ा गया बदमाश आरपीएफ के दो जवानों की हत्याकांड में शामिल छठा आरोपी है।हत्याकांड में पुलिस अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
प्रभारी निरीक्षक गहमर, पुलिस चौकी प्रभारी बारा, चौकी प्रभारी देवल व चौकी प्रभारी सेवराई मय फोर्स बारा बैरियर पर थे। इस दौरान सूचना मिली कि संदिग्ध शराब तस्कर बारा कला हाल्ट पर बैग में शराब लेकर मौजूद है। बिहार जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहा है। एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि शराब तस्कर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक गहमर अशोक मिश्र मय फोर्स बारा कला हाल्ट पर पहुंचे। वहां एक व्यक्ति काला बैग लेकर ट्रेन का इंतजार कर रहा है, पुलिस को देखकर वो भागने लगा। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया गया तो प्लेटफार्म के बगल चबूतरे की आड़ में फायर करने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की एक गोली उसके बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। बदमाश को तत्काल सीएचसी भदौरा भेजा गया। बदमाश की पहचान रवि कुमार पुत्र बिंदेश्वरी प्रसाद ग्राम धंडिहा थाना कोईलवर जनपद भोजपुर आरा राज्य बिहार के रूप में हुईं। उस पर दो मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में बताया कि दो आरपीएफ जवानों की हत्या के मुकदमे में वो वांछित चल रहा है। बदमाश ने कहा कि पकड़े जाने की डर से पुलिस पर फायरिंग करने लगा, गलती हो गई है मुझे माफ कर दीजिए।
दो और नामजद आरोपियों की तलाश, घोषित है इनाम
आरपीएफ जवानों की हत्या मामले में 27 अगस्त को गहमर पुलिस ने शराब तस्कर और हत्यारोपी प्रेमचंद कुमार को गिरफ्तार किया था। हत्याकांड में आठ आरोपी नामजद किए गए थे। इनमें पांच आरोपी पहले पकड़े जा चुके हैं जबकि दो की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक दोनों पर इनाम घोषित है। एक पर 50 हजार तो दूसरे पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है।