बिरनो और मरदह पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को मुठभेड़ में एक शातिर अंतरजनपदीय पशु चोर को गिरफ्तार किया। साथ ही एक तमंचा और एक खोखा भी बरामद किया। पूछताछ के बाद पुलिस विधिक कार्रवाई में जुट गई। अपराध पर अंकुश एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस क्षेत्र में भ्रमण कर रही थीं। मरदह थाने के मटेहूं चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने दो चोरों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उन्होंने चोरी की दो भैंस बिरनो थाने के मीरपुर नहर किनारे खाली प्लाट में खड़ी मैजिक में होने की बात बताई। निशानदेही पर दो भैंस वाहन बरामद की गईं। इधर शातिर चोर सरार उर्फ हैदरगंज निवासी निजामुद्दीन अहमद ने पुलिस को अचानक धक्का देकर मैजिक के दरवाजे के पास सीट के नीचे से तमंचा निकालकर पुलिस को लक्ष्य बनाकर जान से मारने की नीयत से फायर करने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायर किया तो गोली बदमाश के बाएं पैर में लगी। पुलिस ने उसे सीएचसी बिरनो भेज दिया। जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा। बिरनो थानाध्यक्ष बालेंद्र कुमार ने बताया कि मुठभेड़ में घायल शातिर चोर को गिरफ्तार कर उपचार कराया जा रहा है।