गाजीपुर। ताड़ीघाट से मऊ को जाने वाली रेल लाइन को मुख्य रेल मार्ग से जोड़ने की कवायद शुरू हो गई है। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने उपजिलाधिकारी सेवराई को शनिवार को पत्र भेजकर भदौरा से ताड़ीघाट तक नई रेल लाइन बिछाने के लिए किसानों के जमीनों का सर्वे कराकर सत्यापन करने का निर्देश दिया है। पूर्व मध्य रेलवे दानापुर को पीडीडीयू मुख्य रेल लाइन से जोड़ने के लिए भदौरा रेलवे स्टेशन से ताड़ीघाट से नया रेल पटरी बिछाया जाएगा।
इसके क्रम में भदौरा, उसिया, दिलदारनगर, रक्सहां, कर्मा से ताड़ीघाट तक नई रेल लाइन बिछाने के लिए सभी किसानों के जमीन का सर्वे की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी के पत्र में कितने किसानों की कितनी जमीन पड़ रही है। उसका सत्यापन शीघ्र करने का निर्देश दिया गया है। नई रेल लाइन बिछाने से सेवराई तहसील क्षेत्र के दर्जनों गांव के लोग सीधे ताड़ीघाट मऊ रेल लाइन से जुड़ने से लाभान्वित होंगे।
इस संदर्भ में उपजिलाधिकारी सेवराई राजेश प्रसाद ने बताया कि भदौरा से उसिया, दिलदारनगर, रक्सहां, कर्मा होते हुए ताड़ीघाट नई रेल लाइन बिछाने के लिए किसानों के जमीन के सत्यापन करने का जिलाधिकारी का पत्र प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि इसके लिए तत्काल राजस्व टीम गठित कर कितने किसानों का कितनी जमीन नई रेलवे लाइन बिछाने में आती है उसका सत्यापन करके रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी जाएगी।