मुहम्मदाबाद शहीद स्मारक राजकीय महाविद्यालय में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतपेटियां रखने के ?
- फोटो : GHAZIPUR
मुहम्मदाबाद। पंचायत चुनाव को लेकर खंड विकास कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी अवकाश का दिन होने के बावजूद बुधवार को नामांकन काउंटर और स्ट्रांग रुम बनाने में जुटे रहे। 111 क्षेत्र पंचायत वार्डों के लिए आठ काउंटर बनाए गए हैं जहां क्षेत्र पंचायत सदस्यों का नामांकन फार्म जमा किए जाएंगे। मुहम्मदाबाद विकासखंड में 89 ग्राम प्रधान, 1237 ग्राम पंचायत सदस्य एवं 111 क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 17 और 18 अप्रैल को होने वाले नामांकन की तैयारी जोरों पर हो रही है। विकासखंड में कुल 13 न्याय पंचायत हैं, इसके लिए ब्लाक परिसर में 13 नामांकन काउंटर बनाए गए हैं। इन पर ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य के लिए नामांकन फार्म जमा किया जाएगा।खंड विकास अधिकारी सुशील कुमार सिंह ने शहीद स्मारक राजकीय महाविद्यालय मुहम्मदाबाद में अपनी उपस्थिति में स्ट्रांग रुम में पेंट से जमीन पर मतपेटिकाओं को रखे जाने का मैप बनवाया जहां मतदान के बाद मतपेटिकाएं रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि मुहम्मदाबाद विकासखंड में कुल 300 बूथ हैं। दो कमरों में स्ट्रांग रुम बनाया गया है। एक कमरे में बूथ संख्या एक से 150 तक और दूसरे कमरे में बूथ संख्या 151 से बूथ संख्या 300 तक की मतपेटिकाएं कड़ी सुरक्षा में रखी जाएगी। पोलिंग पार्टियां भी 28 अप्रैल को शहीद स्मारक राजकीय महाविद्यालय से ही मतदेय स्थल के लिए रवानी होगी। दो मई को मतगणना भी इसी महाविद्यालय परिसर में होगी। उपजिलाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने भी स्ट्रांग रुम का निरीक्षण किया।