नंदगंज। थाना क्षेत्र के मुड़वल पेट्रोल पंप के पास बीते पांच अक्तूबर की रात अज्ञात वाहन के धक्के से घायल बाइक सवार आलोक सिंह (40) निवासी रेवासा ने मंगलवार को वाराणसी के ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान दम दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आलोक सिंह उर्फ पिल्लू अपने चाचा दिनेश सिंह हकड़ू के साथ पांच अक्तूबर को मुड़वल गांव से ब्रम्हभोज का निमंत्रण कर अपने गांव रेवसा बाइक से आ रहे थे। मुड़वल पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया था। हादसे में दिनेश सिंह की मौके पर मौत हो गई थी और आलोक सिंह को घायल अवस्था में ट्रामा सेंटर वाराणसी में भर्ती कराया गया था। जहां जीवन मौत से संघर्ष कर रहे आलोक सिंह ने भी दम तोड़ दिया। मौत की खबर से क्षेत्र में मातम छा गया।