बेसिक शिक्षा विभाग की तर्ज पर अब माध्यमिक स्तर के शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को निष्ठा कार्यक्रम के तहत ऑनलाइन क्षमता संवर्द्धन का प्रशिक्षण देने का आदेश निदेशक माध्यमिक शिक्षा ने दिया है। आदेश आते ही सभी राजकीय, एडेड और नान एडेड विद्यालयों के सहायक अध्यापकों, प्रवक्ताओं, प्रधानाध्यापकों और प्रधानाचार्यों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिले के पचास फीसदी से अधिक विद्यालयों के शिक्षकों ने आनलाइन पंजीकरण करा लिया है। यह प्रशिक्षण केंद्रीय शैक्षिक प्रौद्योगिकी संस्थान (एससीईआरटी) नई दिल्ली की तरफ से दीक्षा प्लेटफार्म के माध्यम से दिया जाएगा। क्षमता संवर्धन का प्रशिक्षण अगस्त 2021 से लेकर फरवरी 2022 के बीच ऑनलाइन कराना प्रस्तावित है। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनय कुमार पांडेय का आदेश सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को प्राप्त हो चुका है। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. ओपी राय ने प्रशिक्षण के संबंध में सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को आवश्यक दिशानिर्देश जारी किया है। जिले में 28 राजकीय, 96 एडेड और 900 नान एडेड माध्यमिक विद्यालय संचालित हो रहे हैं। इन विद्यालयों में लगभग दस हजार से अधिक शिक्षक कार्यरत हैं। इन शिक्षकों को बैच वार बांटकर प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण के समय शिक्षकों को अपना-अपना मोबाइल ऑन कर रखना होगा। बीच-बीच में मास्टर ट्रेनरों की ओर से पूछे गए सवालों का जवाब भी देना होगा। जो शिक्षक ऑनलाइन प्रशिक्षण से नहीं जुड़ पाएंगे उन्हें स्पष्टीकरण देना होगा। अगर स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं है तो संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस प्रशिक्षण में उन्हीं विद्यालयों के शिक्षक प्रतिभाग कर सकेंगे जिनको माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज से मान्यता प्राप्त है। निदेशक की तरफ से सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को डिस्ट्रिक्ट नोडल आफीसर या डिस्ट्रिक्ट कोआर्डिनेटर के रूप में भूमिका निभाने का निर्देश दिया है।