गाजीपुर। जिलाधिकारी एमपी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह ने बृहस्पतिवार को जिले के विभिन्न घाटों एवं अंत्येष्टि स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। दाह संस्कार कर रहे लोगों से अंत्येष्टि स्थलों पर आ रही समस्याओं की जानकारी ली। अधिकारी द्वय ने जिले के चोचकपुर घाट, चंदौली पीपा पुल, बड़सरा जमानिया पुल, कंकड़वा घाट जमानिया, नरवा घाट गहमर, रोईनी घाट बारा, कर्मनाशा पुल एवं वीर अब्दुल हमीद सेतु के घाटों का निरीक्षण किया। कंकड़वा घाट जमानिया में शवदाह के लिए उपस्थित लोगों द्वारा शवदाह के लिए लकड़ी की कीमत अधिक मूल्य पर बेचे जाने तथा घाटों पर डोम द्वारा आग देने के लिए अधिक पैसा वसूलने की शिकायत की गई। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए 650 प्रति कुंतल जलावन लकड़ी तथा 500 रुपये प्रति शव डोम को दिए जाने का निर्देश दिया। उधर, निरीक्षण के दौरान नरवा घाट गहमर में विधायक जमानिया सुनीता सिंह ने मौके पर पहुंचकर जिलाधिकारी से घाटों के किनारे होने वाले कटान से अवगत कराया। इस मौके पर उपजिलाधिकारी सेवराई रमेश मौर्य, सदर तहसीलदार मुकेश सिंह, तहसीलदार सेवराई, निगरानी समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी एवं पुलिस कर्मी उपस्थित थे।