कार्य में लापरवाही की शिकायत पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी पद से डॉ. रुद्रकांत सिंह को बुधवार को हटा दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक भदौरा के डॉ. रविरंजन को पीएचसी जमानिया केंद्र प्रभारी की जिम्मेदारी दी है। जानकारी के मुताबिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. रुद्रकांत सिंह को मंगलवार की शाम पत्र जारी कर स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी पद से हटाकर केंद्र पर चिकित्सक के तौर पर कार्य करने की जिम्मेदारी दी गई है। मुख्य चिक्तिसाधिकारी डॉ. जीसी मौर्य ने बताया कि डॉ. रुद्रकांत सिंह के खिलाफ तमाम तरह की अनैतिक शिकायतें मिल रही थी। इसके साथ ही विभागीय अधिकारियों एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का फोन नहीं उठाने, कार्य के प्रति लापरवाही एवं आम जन के बीच खराब छवि के चलते उन्हें स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी पद से हटाया है। डॉ. रुद्रकांत सिंह पीएचसी जमानिया पर बतौर चिकित्सक अपनी सेवाएं देते रहेंगे।