गाजीपुर। सड़क सुरक्षा में सुधार को लेकर पूरे सूबे में नो हेलमेट-नो फ्यूल की व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत पंपों पर बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं मिलेगा। आदेश न मानने पर पंप संचालकों के खिलाफ कार्रवाई होगी लेकिन, जनपद में इसका पालन नहीं किया जा रहा है। बिना हेलमेट लगाए दो पहिया चालकों को आसानी पेट्रोल मिल जा रहे हैं। शुक्रवार को ऐसा नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक के पेट्रोल पंपों पर देखने को मिला। हालांकि इनमें से कई लोगों को शासन की तरफ से जारी निर्देश की जानकारी तक नहीं थी।शासन की मंशा है कि सभी दो पहिया वाहन चालक हेलमेट पहने। इससे सड़क हादसों में कमी लाई जा सके। इसके लिए परिवहन आयुक्त बीएन सिंह की ओर से जनपद में पत्र भेजा गया है। पत्र के जरिए निर्देश दिया गया है कि हेलमेट न पहनने वाले दो पहिया वाहन चालकों का चालान किया जाए। साथ ही पेट्रोल पंप संचालकों से संवाद करके कर्मचारियों को जागरूक किया जाए कि हेलमेट न पहनने वालों को पेट्रोल न दिया जाए। इस नई व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए। साथ ही 15 दिनों पर समीक्षा करने की बात भी कही गई है। वहीं जनपद की आबादी करीब 40 लाख है। पूरे जिले भर में 119 पेट्रोल पंप हैं। लेकिन, किसी भी पेट्रोल पंप पर नई व्यवस्था को अब तक लागू नहीं किया गया है।