-पटना में हुई विपक्षी दलों की बैठक से हिल गया है भाजपा का शीर्ष नेतृत्व
संवाद न्यूज एजेंसी
कासिमाबाद। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि केंद्र में सरकार का रास्ता उत्तर प्रदेश बनाता है, जब ये रास्ता यहीं बंद हो जाएगा तो सरकार चली जाएगी। आज उत्तर प्रदेश में अगर मायावती और अखिलेश एक साथ आ जाते हैं तो प्रदेश में 75 सीटें विपक्ष की झोली में चली जाएंगी। अगर मायावती और अखिलेश साथ आते हैं तो मैं भी गठबंधन का स्वागत करूंगा। वह बुधवार को नसीरुद्दीनपुर ग्राम पंचायत के राजापुर गांव में अपने प्रतिनिधि सिंहासन राम के आवास पर अमर उजाला से खास बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि 2024 से पहले सभी विपक्षी दल मिल गए तो केंद्र की सत्ता को केवल उत्तर प्रदेश ही रोक देगा। आज उत्तर प्रदेश की जनता अधिकारियों के उत्पीड़न से त्राहि-त्राहि कर रही है। जनता से धन उगाही हो रही है। इसके बाद भी सरकार के मुखिया अपनी पीठ थपथपाते नहीं थक रहे हैं। आज विपक्ष को एकजुट होकर सरकार के दावों की पोल खोलनी चाहिए। महंगाई के साथ ही प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ा है।
सुभासपा अध्यक्ष ने पटना में आयोजित 17 विपक्षी दलों की बैठक को उचित ठहराते हुए कहा कि इस बैठक से भाजपा का शीर्ष नेतृत्व पूरी तरह से हिल गया है। बोलने के लिए चाहे जितना बोल लें पर उनके लोगों के माथे पर चिंता की लकीरें हैं । यही कारण है कि यूनिफॉर्म सिविल कोड की बात होने लगी हैं।
उन्होंने कहा कि आज हमें यूनिफॉर्म सिविल कोड की जरूरत नहीं है। जरूरत है तो सबको सामान शिक्षा और सबको सामान स्वास्थ्य देने की। अगर सबको सामान शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं मिल जाएं तो निश्चित रूप से भारत विकसित देशों की श्रेणी में आ जाएगा। इस दौरान सुभासपा जिलाध्यक्ष लल्लन राजभर, सालिक यादव, विधायक प्रतिनिधि सिंहासन राम, शिव कुमार यादव, संतोष यादव ,राजनेत राजभर, दीपक राजभर आदि मौजूद रहे।