गाजीपुर। कोरोना मरीजों के ठीक होने पर उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ करने के लिए अब तक जिले में कोविड सेंटर स्थापित नहीं हो पाया है। चिन्हित किए गए मनिहारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की दूरी नगर क्षेत्र से अधिक होने पर मुहर नहीं लग पाई है। जबकि फीजियोथेरेपिस्ट की नियुक्ति हो चुकी है। ऐसे में शहर के पास अस्पताल की तलाश की जा रही है, जिससे समय इसका संचालन शुरु कराया जा सके। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर ने बीते डेढ़ माह में जिले को अपनी चपेट में ऐसा लिया कि संक्रमण पर काबू पाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। ऐसे में कई संक्रमित मरीज ठीक होने के बावजूद शारीरिक एवं मानसिक रुप से अस्वस्थ दिखाई पड़ रहे थे। इसके चलते शासन की ओर से जिले में पोस्ट कोविड अस्पताल स्थापित कराने का निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिया गया था, जिससे ऐसे मरीजों को भर्ती करके उनका उपचार किया जा सके। इसके लिए विभाग की ओर से शुरुआती दौर में मनिहारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को चिन्हित किया गया था, लेकिन नगर क्षेत्र से दूरी अधिक होने पर उसे निरस्त कर दिया गया। ऐसे मरीजों को अस्पताल पहुंचने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए शहर के आस-पास के ही अस्पताल को चिन्हित करने का कार्य विभाग के अधिकारियों की तरफ से शुरु कर दिया गया है। इस संबंध में सीएमओ डा. जीसी मौर्या ने बताया कि मनिहारी दूर होने से वहां पोस्ट कोविड अस्पताल बनाने के प्रस्ताव को निरस्त कर दिया गया है। नगर के आस-पास ही अस्पताल चिन्हित किया जा रहा है। फीजियोथेरेपिस्ट की नियुक्ति हो गई है। फिलहाल जिला अस्पताल में उनकी तैनाती की गई है।