जमानिया। कोविड-19 की तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को हाईटेक करने का फैसला किया है। इसी के तहत अस्पताल में पीडियाट्रिक्स आईसीयू भी निर्माणधीन है। स्वास्थ्य विभाग इसे पूरा करने की तैयारी में जुटा है। स्वास्थ्य विभाग ने बरुइन स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को पीडियाट्रिक्स आईसीयू बनाने का फैसला लिया है। अस्पताल में पांच बेड आईसीयू तथा अन्य 25 बेड ऑक्सीजन सपोर्ट होगी। स्वास्थ्य केंद्र की रंगाई-पुताई के साथ सभी व्यवस्थाओं को पूरा करने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए हैं। तैयारियों की जांच उपजिलाधिकारी के साथ मुख्य विकास अधिकारी 26 जून को करेंगे। पीडियाट्रिक्स आईसीयू बनाने का निर्देश मिलते ही सीएचसी पर कार्य युद्धस्तर पर शुरू हो गया है। पांच आईसीयू वार्ड आधा-अधूरा बन गया है तथा रंग-रोगन का कार्य प्रगति पर है। मालूम हो कि इस अस्पताल को पीडियाट्रिक्स आईसीयू बना दिया गया लेकिन बाल रोग विशेषज्ञ का स्थानांतरण अन्यत्र कर दिया गया। ऐसे में बिना बाल रोग विशेषज्ञ के बच्चों का इलाज कैसे संभव होगा। सीएचसी अधीक्षक पीके श्रीवास्तव ने बताया कि पांच बेड का आईसीयू बना दिया गया। यहां पर चार ऑक्सीजन सिलेंडर मौजूद है। रंगाई का कार्य चल रहा है। सीमित संसाधन में व्यापक व्यवस्था करने का प्रयास जारी है। बाल रोग विशेषज्ञ का स्थानांतरण होने से परेशानी बढ़ेगी।