गाजीपुर। कोरोना के संभावित थर्ड स्टेज से पूर्व तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य महकमा तैयारियों में जुटा हुआ है। जिला अस्पताल में जहां बच्चा वार्ड स्थापित कराने की कवायद शुरु कर दी गई है। वहीं एक और ऑक्सीजन प्लांट से अस्पताल को लैस करने की तैयारी भी की जा रही है, जिससे किसी भी विकट परिस्थिति का सामना किया जा सके। जिला अस्पताल के दूसरे और तीसरे तल पर स्थापित होने वाले वार्डों को लेकर अस्पताल प्रशासन पूरे मनोयोग से लगा हुआ है। करीब 100 बेड के स्थापित होने वाले इस वार्ड में भर्ती होने वाले बच्चों को बेहतर उपचार के लिए बाल रोग विशेषज्ञों एवं जांच की सुविधा बढ़ाने के लिए अत्याधुनिक मशीनों से लैस करने का भी जल्द कार्य शुरु होगा, जिससे किसी भी चिकित्सकीय व्यवस्था में किसी तरह की दिक्कत न आ सके। इसके अलावा एक और ऑक्सीजन प्लांट स्थापित कराया जाएगा, जिससे इन वार्ड में भर्ती मरीजों को ऑक्सीजन की आवश्यकता पड़ने पर दिक्कत न उठानी पड़े। इस प्लांट के स्थापित होने से जिला अस्पताल में दो ऑक्सीजन प्लांट की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। जिला अस्पताल में स्थापित हो रहे बच्चा वार्ड के अलावा सीसीटीवी कैमरा भी लगाया जा रहा है, जिससे मरीजों की जहां मानीटरिंग की जा सके। वहीं किसी भी तरह की दिक्कत होने पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में तत्काल कार्रवाई हो। इसके अलावा अस्पताल में बाहरी लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। जिला प्रशासन के निर्देश पर अस्पताल परिसर के अलावा वार्डों में भी सीसीटीवी कैमरा लगाने का कार्य जल्द ही शुरु होगा। जिलाधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल में चिल्ड्रेन वार्ड बनेगा। इसके अलावा एक और ऑक्सीजन प्लांट स्थापित होगी। वहीं सीसीटीवी कैमरे से भी लैस होगा। कोरोना के संभावित थर्ड स्टेज को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई है।