गाजीपुर। नई शिक्षा नीति लागू होने के बाद गृह विज्ञान विषय में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। अब यह विषय केवल पारंपरिक सोच तक सीमित न रहकर छात्राओं के लिए नए कॅरिअर विकल्प खोल रहा है। सिलेबस में फूड टेक्नोलॉजी, टेक्सटाइल डिजाइन, न्यूट्रीशन, समुदाय शिक्षा और प्रसार शिक्षा जैसे विषय शामिल किए गए हैं। छात्राओं का कहना है कि पहले गृह विज्ञान को सिर्फ गृहिणी बनने तक ही सीमित माना जाता था, लेकिन अब इसमें विकास अधिकारी, चाइल्ड एजुकेटर, मैरिज काउंसलर जैसे कई कॅरिअर विकल्प सामने आ रहे हैं। नई शिक्षा नीति के बाद गृह विज्ञान अब केवल एक विषय नहीं, बल्कि कॅरिअर की नई दिशा के रूप में उभर रहा है।