गाजीपुर। जिलाधिकारी ओम प्रकाश आर्य ने जनपद में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने की वजह से और सख्ती बढ़ा दी है। सभी को घर में रहने की सख्त चेतावनी दी गई है। आला अफसरों के निर्देश के बाद पुलिस ने लॉकडाउन में और कड़ाई शुरू कर दी है। ऐसे में शहर के चार तथा दिलदारनगर के दो हॉटस्पाट एरिया में लोगों को पूरी तरह से कैद रहने को कहा गया है। लॉकडाउन के दौरान 20 अप्रैल से कुछ शर्तों के अधीन विभिन्न गतिविधियों को संचालित किए जाने की अनुमति जरूर दी गई है। लेकिन इन गतिविधियों का संचालन हॉट स्पाटजोन में अनुमन्य नहीं है। यदि कोई नया हॉटस्पाट चिह्नित किया जाता है, तो वहां भी पूर्व में दी गई अनुमति निरस्त कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में तीन मई तक लॉक डाउन पूर्ववत प्रभावी रहेगा। वर्तमान में हॉटस्पाट क्षेत्र में राशन, दूध, फल, सब्जी एवं दवाओं की होम डिलीवरी की बात कही गई थी, लेकिन ऐसा होता नहीं दिखाई दे रहा है। हॉट स्पाट क्षेत्र में किसी तरह सब्जी मिल जा रही है, लेकिन दूध और राशन के लिए लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।