सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम, रखी जाएगी पैनी नजर
22 अतिसंवेदनशील और 83 संवेदनशील स्थान चिह्नित
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। जनपद के 2222 जगहों पर मंगलवार को होलिका दहन किया जाएगा। इसमें 22 अतिसंवेदनशील और 83 संवेदनशील स्थानों को चिन्हित किया गया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जहां पुलिस प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई है। वहीं होलिका स्थलों पर किसी तरह कोई बवाल जैसी घटनाएं न हो इसको लेकर चौकसी बढ़ा दी गई है। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम के साथ पैनी नजर भी रखी जाएगी।
पुलिस प्रशासन के साथ एलआईयू की टीम भी अतिसंवेदनशील और संवेदनशील जगहों पर मुस्तैद रहने के साथ पल-पल की जानकारी लेने के साथ उच्चाधिकारियों को अवगत कराने का काम करेगी। होलिका स्थलों की सुरक्षा को लेकर एक-एक पुलिस कर्मियों के अलावा उपनिरीक्षक की ड्यूटी लगाई गई है। जबकि संबंधित सर्किल के सीओ और एसडीएम सहित थाना प्रभारी हर पल पर नजर बनाए रखेंगे। प्रशासन ने जिले में कुल 22 अतिसंवेदनशील और 83 संवेदनशील होलिका स्थलों को चिह्नित कर उसकी सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस कर्मियों की तैनाती भी कर दी है।
जिले में होली का पर्व आठ मार्च को मनाया जाएगा। इसको लेकर लोगों की ओर से तैयारियां पूरी की जा रही है। वहीं सात मार्च को होने वाली होलिका दहन को लेकर भी आयोजकों द्वारा तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। इस संबंध में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक बलवंत चौधरी ने बताया कि होलिका दहन और होली को लेकर सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।