गाजीपुर। एएनटीएफ ने एक हेरोइन तस्कर को रविवार की रात सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के शरीफ पुल से गिरफ्तार किया। उसके पास से 2.43 करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वो बिहार से हेरोइन लाकर वाराणसी समेत आसपास के जिलों में बेचता है।
एएनटीएफ की टीम सूचना पर रविवार की रात सैदपर कोतवाली क्षेत्र के शरीफ पुल पर पहुंची। यहां रात 12 बजे नोनहरा थाना क्षेत्र के सोनवरसा निवासी प्यारे लाल सुमन (30) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से अंतरराष्ट्रीय बाजार के कीमत के अनुसार 2.43 करोड़ रुपये की करीब 1 किलो 215 ग्राम हेरोइन (भूरा रंग का नशीला पाउडर) बरामद हुई। इसके अलावा एक एंड्राइड मोबाइल फोन, एक टैबलेट व 5 एटीएम कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, मोटर साइकिल और 1010 रुपये नकद बरामद हुए। एएनटीएफ के प्रभारी उप निरीक्षक सुरेश गिरी ने बताया कि पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वो बिहार निवासी एक व्यक्ति से हेरोइन खरीद कर लाता है। खुद छोटी-छोटी पुड़िया बनाता है। इसके बाद वाराणसी ,मिर्जापुर जौनपुर व अन्य जिलों में बिक्री करता है। इससे उसे अच्छी खासी रकम मिल जाती है।