गाजीपुर। एसओजी, सर्विलांस और जंगीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार की रात बेसो नदी पुलिया के पास से एक किलो 80 ग्राम हेरोइन के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामद हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है। पुलिस के हत्थे चढ़े तीनों तस्करों के पास से टीम ने बिक्री के चालीस हजार रुपये नकद और एक बाइक भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बृहस्पतिवार को पत्रकारों को बताया कि सीओ सिटी गौरव सिंह के नेतृत्व में एसओजी टीम, सर्विलांस टीम और जंगीपुर पुलिस की टीम वाहन चेकिंग करने में जुटी थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि बड़े पैमाने पर हेरोइन की तस्करी कर तस्कर ले जा रहे हैं। सूचना के बाद सक्रिय हुई पुलिस टीम ने तीन हेरोइन तस्करों को नेशनल हाईवे 31 स्थित बेसो नदी पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर इनके पास से एक किलो 80 ग्राम हेरोइन और खरीद एवं बिक्री के 40 हजार रुपये नगदी के साथ एक बाइक भी बरामद हुई।
उन्होंने बताया कि पुलिस के हत्थे चढ़े तीनों तस्कर क्रमश: करंडा थाना के माहेपुर निवासी चंदजीत सिंह यादव, करीमुद्दीनपुर थाना के नसीरपुर गांव निवासी कैलाश यादव और शहर कोतवाली के उर्दू बाजार निवासी जितेन्द्र कुमार गुप्ता उर्फ मुन्ना का चालान कर दिया गया है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में जंगीपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक सुनील कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक कृपाशंकर उपाध्याय सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे।