अंतरराज्यीय हेरोइन तस्कर व हत्यारोपी अब्बास खान, उसकी पत्नी व मां के नाम से क्रय की गई 44 लाख रुपये की बेनामी अचल संपत्ति राजस्व व पुलिस ने शनिवार को कुर्क कर ली। बरसात में टीम डुगडुगी पिटवाकर मुनादी करने के बाद कार्रवाई में जुट गई। सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर पुलिस टीम तैनात रही।
अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गैंगस्टर एक्ट के तहत दिलदारनगर थाना के प्रभारी निरीक्षक ने अंतरराज्यीय हेरोइन तस्कर व हत्यारोपी अब्बास खान के खिलाफ एसपी ओमवीर सिंह को रिपोर्ट प्रस्तुत की। रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि एक गिरोह बनाकर अब्बास अपने और गैंग के सदस्यों के लिए आर्थिक, भौतिक व अन्य लाभ प्राप्त करने के लिए आपराधिक कार्य से अर्जित बेनामी अचल संपत्ति स्वंय, पत्नी व मां के नाम पर क्रय किया है।
एसपी द्वारा संस्तुति के बाद डीएम आर्यका अखौरी ने आरोपी के बेनामी संपत्ति को कुर्क करने का आदेश दिया। एसडीएम अभिषेक कुमार, सीओ अनुप कुमार सिंह और कोतवाल श्याम जी यादव के नेतृत्व में मोहम्मदपुर गांव पहुंची राजस्व व पुलिस टीम ने मुनादी के साथ बेनामी अचल संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई शुरू की।
अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर व हत्या आरोपी अब्बास खान, उसकी पत्नी और मां के नाम से अर्जित अचल बेनामी संपत्ति को कुर्क कर लिया। इस संबंध में जमानिया एसडीएम अभिषेक कुमार ने बताया कि डीएम के निर्देश पर गैंगस्टर एक्ट के तहत अंतरराज्यीय हेरोइन तस्कर व हत्यारोपी अब्बास खान की 44 लाख की बेनामी अचल संपत्ति कुर्क की गई है।
कुर्क की गई भूमि का विवरण
1- मुहम्मदपुर तालुका चौधरी अजमल मौजा स्थित 0.6870 हेक्टेयर का 1/6 अंश यानी 0.114 हेक्टेयर भूमि अब्बास खान ने स्वयं के नाम पर बीते 16 नवंबर 2006 को क्रय की थी।
2- मुहम्मदपुर तालुका चौधरी अजमल मौजा में 0.199 हेक्टेयर भूमि अब्बास खान ने बेनामी संपत्ति के रुप में मां मोहिबुन बीबी के नाम से 13 अप्रैल 2007 को क्रय की थी।
3- मुहम्मदपुर तालुका चौधरी अजमल मौजा 0.1270 हेक्टेयर भूमि अब्बास खान ने बेनामी संपत्ति के रुप में पत्नी नजीबुन के नाम से 15 सितंबर 2022 को क्रय की थी।
तस्कर के खिलाफ दर्ज है छह मुकदमा
अंतरराज्यीय हेरोइन तस्कर और हत्यारोपी अब्बास खान के खिलाफ जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विभिन्न संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज है। दिलदारनगर हत्या, गैंगस्टर सहित तीन मुकदमा, जमानिया में एक मुकदमा, सुहवल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।