गाजीपुर। जनपद में लगातार तापमान बढ़ने से गर्मी का असर बढ़ने लगा है। पिछले तीन दिनों से लगातार तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। तापमान में रोजाना एक से सवा डिग्री बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। कृषि विज्ञान केंद्र पीजीसी की ओर से बताया गया कि शनिवार का अधिकतम 37.2 डिग्री सेंटीग्रेड, न्यूनतम 21.6 डिग्री सेंटीग्रेड है। इससे पहले तीन दिनों में क्रमश: 34, 35 और 36 डिग्री सेंटीग्रेड तापमान दर्ज किया गया। वहीं आर्द्रता अधिकत 100 और न्यूनतम 62 फीसदी होने के साथ हवा की गति 6 किमी प्रति घंटा रही। पांच दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार, अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री सेंटीग्रेड व न्यूनतम तापमान 19 से 22 डिग्री सेंटीग्रेड के बीच रहने की संभावना है। इस दौरान पूर्वी हवा औसत 10 से 11 किलोमीटर प्रति घंटा से चलने की उम्मीद है। हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। लेकिन बारिश नहीं होगी। हालांकि, खेती-किसानी को लेकर निगरानी रखने जरूरत है। रबी सीजन की तैयार फसलों को समय पर कटाई कराएं। आगामी समय में मौसम शुष्क रहने की संभावना है इसलिए किसानों को सब्जियों की फसल में जरूरत के हिसाब से हल्की सिंचाई कराने की सलाह दी गई है।