गाजीपुर। जिले में सोमवार को सातवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। लेकिन कहीं भी आयोजन नहीं होगा। बल्कि लोग घरों में सोशल डिस्टेंसिंग के बीच ‘योगा एट होम’ की थीम पर योग करेंगे। संक्रमण को देखते हुए डीएम ने तयशुदा कार्यक्रम को भी रद्द कर दिया है। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि इस साल ‘योगा एट होम’ की थीम पर कार्यक्रम की तैयारी है। उनका लोगों से अपील है कि योग दिवस पर घर रहकर योग करें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए सुबह सात बजे से 45 मिनट तक योग और प्राणायाम करेें। इसका विडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालें और आस-पास के लोगों को योग के प्रति जागरूक करें। कहा, शहर के सहजानंद महाविद्यालय में 150 लोगों को शामिल करके योग दिवस कार्यक्रम करने के लिए प्रशासन तैयारियों में जुटा था, परंतु तीसरी लहर की आशंका और संक्रमण को देखते हुए सभी से घर पर रहकर ही योग और प्राणायम करने की अपील की गई है। पुलिस अधिक्षक ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि कोरोना काल में योग और प्राणायाम जीवन शैली का अंग बनना चाहिए। जब भी समय मिले कम से कम आधा घंटा योग जरूर करें। सुबह-शाम, खुले में या घर पर कभी भी कहीं भी योग और प्राणायाम अवश्य करें। उन्होंन कहा, कोरोना संक्रमण में पुलिस विभाग संक्षिप्त कार्यक्रम करने की तैयारी में है। शासन के निर्देशों के अनुसार, पुलिस महकमा योग दिवस का कार्यक्रम करेगा। मुख्य चिकित्साधिकारी जीसी मौर्या ने कहा, योग भारत की देन है और योग को दुनिया ने स्वीकारा। सभी लोग योग दिवस पर भागीदारी करके देश और दुनिया को सकारात्मक संदेश दे सकते हैं। इस बार कोरोना का संक्रमण है तो लोगों से यही अपील रहेगी कि घर पर रहकर ही योग करें और वही आसन करें जो आसान हो।