चिकित्सकों के नहीं होने से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अविसहन के गेट पर बैठे मरीज व तीमारदार। स्र
मरद़ह। क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अविसहन का ताला बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे खुला, जबकि स्वास्थ्य केंद्र के खुलने का समय सुबह आठ बजे निर्धारित है। इससे नाराज ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र के गेट पर बैठकर हंगामा करते हुए नरेबाजी किया।ग्रामीण मुखलाल, गीता पासवान, जनार्दन राजभर, शिवकुमार, पवन, कविराज, पंकज, नारद, मनोज आदि ने बताया कि क्षेत्र के लोगों को इस अस्पताल से चिकित्सीय सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। यहां पर कुछ कर्मचारी नियमित तौर पर डयूटी करने नहीं आते हैं। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र के संचालित होने का कोई समय भी निर्धारित नहीं है। इससे ग्रामीणों व तीमारदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि स्वास्थ्य केंद्र का खुलने व बंद होने का समय निर्धारित होना चाहिए। साथ ही यह भी सुनिश्चित होना चाहिए कि सभी कर्मचारी प्रतिदिन डयूटी पर आएं। वहीं सीएचसी प्रभारी डॉ. रविरंजन ने बताया कि प्रकरण की जांच कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।