गाजीपुर। कचहरी और कोर्ट नंबर आठ के पास एक युवक ने ईंट से अधिवक्ता पर हमला कर दिया, जिससे लहूलुहान गिरकर अचेत हो गए। वहीं, सेवराई तहसील में जाति प्रमाण पत्र बनवाने पहुंचे लोगों की लेखपाल से मारपीट हो गई। घायल अधिवक्ता का उपचार मेडिकल काॅलेज अस्पताल में चल रहा है। इधर, पुलिस मुकदमा दर्जकर मामले की छानबीन में जुटी है।
दूसरे अधिवक्ता को मारने आया था आरोपी, की धुनाई
गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित कचहरी के कोर्ट नंबर आठ के पास एक युवक ने ईंट उठाकर जंगीपुर थाना क्षेत्र के देवकठिया अधिवक्ता मनोज राम को मार पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जब-तक अन्य अधिवक्ता घटना स्थल पर पहुंचते घायल लहूलुहान अधिवक्ता गिरकर अचेत हो गए। इधर, अधिवक्ताओं ने युवक की पकड़कर धुनाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अधिवक्ता और हमलावर युवक को उपचार के लिए मेडिकल काॅलेज अस्पताल लाया। घायल अधिवक्ता की हालत गंभीर है।
अधिवक्ता राहुल मिश्रा ने बताया कि अधिवक्ता मनोज राम किसी मुकदमे की सुनवाई के लिए न्यायालय के तरफ जा रहे थे। कोर्ट नंबर आठ के पास आकाश यादव किसी अधिवक्ता को मारने के लिए हाथ में ईंट उठाए था। अधिवक्ता मनोज राम ने आकाश यादव का हाथ पकड़ लिया। इसपर आकाश ने गाली देते हुए मनोज के सिर पर वारकर घायल दिया। आरोपी करंडा थाना क्षेत्र के नारायनपुर गांव निवासी आकाश यादव का अपनी पत्नी आंचल के साथ मुकदमा चल रहा है। इस मामले में पैरवी करने आया था। अधिवक्ता राहुल मिश्रा ने आरोपी युवक आकाश यादव के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग है।
तहसील में लेखपाल की पिटाई, थाने पर दी तहरीर
सेवराई: सेवराई तहसील में गोड़ और खरवार समाज के द्वारा जाति प्रमाण के लिए आवेदन किया था। पीड़ित हल्का लेखपाल सुनील यादव ने बताया कि पूर्व प्रधान भुवाली के साथ कृष्ण कुमार गोड़, राहुल गोड़, कुंदन गोंड़ के साथ 20 अज्ञात लोग जाति प्रमाणपत्र जारी करने का दवाब बना रहे थे। जब मना किया गया तो मारने- पीटने लगे। वहीं गोड़ समुदाय के सोनू कुमार ने आरोप लगाया कि लेखपाल द्वारा जाति प्रमाण पत्र को जानबूझकर सभी दस्तावेज देने के बावजूद निरस्त कर दिया जा रहा था। पूछने के लिए पहुंचे तो लेखपाल द्वारा फंसाने की धमकी दी जाने लगी। जब हम लोग इसका वीडियो रिकॉर्डिंग करने लगे तो वह साथियों के साथ मारपीट कर घायल कर दिए। इस संबंध में कोतवाल अशोक मिश्रा ने बताया कि पीड़ित लेखपाल की तहरीर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं तहसीलदार रामजी ने बताया कि मामला संज्ञान में है आवश्यक कार्रवाई के लिए गहमर कोतवाल को निर्देशित किया गया है।
पट्टीदारों में मारपीट, चार घायल
लठ्ठूडीह। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के लठ्ठूडीह गांव निवासी कृष्णा यादव और उपेंद्र यादव दोनों पट्टीदार हैं। बंटवारे को लेकर पूर्व से विवाद चल रहा था। बुधवार की देर शाम दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। एक पक्ष के कृष्णा यादव ने कुछ साथियों को बुला लिया। कुछ देर बाद पहुंचे बाइक सवार बदमाशों ने दोनों दूसरे पक्ष के उपेंद्र यादव और जितेंद्र को लाठी- डंडे से पीटकर घायल कर दिया। जब- तक पुलिस मौके पर पहुंचती हमलावर फरार हो गए। पुलिस बाइक को कब्जे में लेकर हमलावरों को चिन्हित करने में जुटी हुई है। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मारपीट करने वालों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।