भीमापार/सुहवल। शिक्षा क्षेत्र सादात के कंपोजिट विद्यालय जगदीशपुर, कंपोजिट विद्यालय बरहपार नसरतपुर, कस्तूूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय और कई परिषदीय विद्यालयों में मीना का जन्मदिन शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान स्कूलों में केक काटा गया और विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं। श्रेष्ठ बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया।
कंपोजिट विद्यालय जगदीशपुर में विद्यालय की सुगमकर्ता अध्यापिका जैनब रहमान ने मीना के किरदार पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वह एक ऐसी लड़की है जिसके मन में उमंग, उल्लास, सहानुभूति एवं सहायता का भाव है। तोता उसका प्यारा दोस्त है। चौबीस सितंबर को मीना का हर वर्ष जन्मदिन मनाया जाता है।
उसके किरदार पर ही बारह कहानियां बनाई गई हैं जो अंधविश्वास एवं रूढ़िवादिता के प्रति जागरूक करती हैं। इसके अलावा विद्यालय में मीना मंच का गठन भी किया जाता है, जिसका उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, जल एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता, आत्म सम्मान, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व का विकास एवं सहयोग की भावना को विकसित करना है।
इस मौके पर विद्यालय के अध्यापक और छात्र उपस्थित थे। प्राथमिक विद्यालय सोनवल में खंड शिक्षा अधिकारी अशोक गौतम, एआरपी संत कुमार गुप्ता एवं कविंद्र कुमार की उपस्थिति में पावर एजेंल रोशनी द्वारा केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। छात्र-छात्राओं ने लाला की गवाही नामक नाट्य का मंचन कर लोगों को मुग्ध कर दिया।
खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि बालिकाओं को जागरूक करने एवं उनमें अभिव्यक्ति की भावना विकसित करने के लिए सरकार एवं विभाग ने मीना की कल्पना की। मीना मंच का मुख्य उद्देश्य बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना है। उन्होंने निपुण भारत लक्ष्य के तहत कक्षा एक की नोडल शिक्षिका डेजी शर्मा द्वारा स्वनिर्मित बिग बुक का उद्घाटन फीता काटकर किया। इस अवसर पर मीना मंच की सुगमकर्ता गुड्डी गुप्ता, जयप्रकाश, राधे, मंजू पाल, संगीता आदि मौजूद थीं।