गाजीपुर। सैदपुर कोतवाली के रामचरनपुर गांव में एक किशोरी ने बृहस्पतिवार की शाम छत में लगे पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ कारणों की तलाश में जुट गई। इधर घटना के बाद परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। गांव निवासी जितेंद्र कुुमार सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके छोटे भाई अजय सिंह की पुत्री साक्षी (17) गांव पर ही रहती थी। जबकि उसके माता-पिता बड़ौदा में रहते हैं। बीते 27 मई को वह अपनी पत्नी एवं छोटे पुत्र के साथ मरदह के सिंगेरा गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। साक्षी घर पर थी और वह दस दिन से खांसी, सर्दी, जुकाम के कारण अस्वस्थ चल रही थी। दोपहर करीब एक बजे खाना और दवा खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चली गई। शाम को परिवार के सदस्य चाय और काढ़ा पीने के लिए जब बुलाने लगे तो कोई हलचल नहीं सुनाई दी। इस पर जब कमरे की खिड़की का शीशा तोड़कर देखा तो किशोरी पंखे में दुपट्टे का फंदा लगाकर लटकी हुई थी। ग्रामीणों की मदद से परिवार के लोगों ने दरवाजा तोड़कर फंदे से उतारा। इधर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में कोतवाल राजीव सिंह ने बताया कि किशोरी ने फंदे पर झूलकर आत्महत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।