करंडा। स्थानीय थाना क्षेत्र के सोनहरिया गांव में बृहस्पतिवार की सुबह एक युवक का शव सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे के सहारे लटकता मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। मृतक की शिनाख्त करंडा थाना क्षेत्र के सोनहरिया गांव निवासी राहुल कुमार (20) पुत्र मोहन कुमार के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि बुधवार की रात परिवार के सभी सदस्यों के सोने पर वह घर से बाहर निकल गया। बृहस्पतिवार की सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने राहुल के शव को खंभे पर लटकता देखकर पुलिस तथा परिजनों को सूचना दी। करंडा थानाध्यक्ष अजय कुमार पांडेय ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। उधर घटना के बाद मृतक की मां संजना, पिता मोहनराम तथा दो बहन एवं दो भाई रो-रोकर बेहाल थे। मृतक पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था।