गाजीपुर। परिषदीय उच्च प्राथमिक स्कूलों के विज्ञान के शिक्षकों को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी) कानपुर में डिजिटल साक्षरता का पाठ पढ़ाया जाएगा। इसके लिए जिले से 10 उत्कृष्ट शिक्षकों का चयन किया जाएगा। इसके बाद उन्हें प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। प्राथमिक शिक्षा में गुणात्मक सुधार लाने के लिए तमाम जतन किए जा रहे हैं। परिषदीय स्कूलों का पाठ्यक्रम समय की मांग के अनुसार आधुनिक हो रहा है। इस कारण शिक्षकों को भी उसके लिए तैयार किया जा रहा है ताकि वह छात्रों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार कर सकें। ऐसे शिक्षक जिन्हें एआई और कोडिंग आदि के बारे में अच्छी जानकारी है, उन्हें आईआईटी कानपुर के विशेषज्ञ इसकी बारीकियां सिखाएंगे। भविष्य में किस तरह इस टेक्नोलॉजी का प्रयोग विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ेगा और उसे किस तरह प्रयोग किया जाए इन सभी चीजों की जानकारी दी जाएगी। शिक्षकों को पांच दिवसीय प्रशिक्षण दिलाया जाएगा जिससे वह इस क्षेत्र में चल रहे बदलावों से न सिर्फ रूबरू होंगे, बल्कि चुनौतियों को भी समझ सकेंगे। प्रशिक्षित शिक्षक आगे छात्रों को आधुनिक तकनीक से बेहतर तरीके से पढ़ाएंगे। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के संयुक्त निदेशक ने निर्देश में बताया है कि जिले से शिक्षकों का मेरिट के आधार पर चुनाव किया जाएगा। जल्द शिक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार कर उन्हें ट्रेनिंग दिलाई जाएगी। प्रशिक्षण पाने वाले शिक्षक मास्टर ट्रेनर के रूप में कार्य करेंगे। यह जिलों में अन्य शिक्षकों को एआई और कोडिंग के बारे में जानकारी देंगे। संवाद