गुड फ्राइडे पर प्रभु यीशु की प्राण पीड़ा प्रस्तुत करते मसीही समुदाय के लोग।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। मसीही समुदाय ने शुक्रवार को गुड फ्राईडे का पर्व परंपरागत ढंग से मनाया। चर्च में सामूहिक प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया और दुखभोग काल के गीत गाए गए। इसमें प्रभु यीशु के संदेश सुनाए गए। कई स्थानों पर इसका जीवंत मंचन भी किया गया। नगर के सिंचाई विभाग चौराहा स्थित कैथोलिक चर्च में आयोजित कार्यक्रम में कहा गया कि प्रभु यीशु ने दया और करुणा का संदेश देकर मानव जाति के पापों को अपने ऊपर ले लिया। उन्होंने मृत्यु को स्वीकार कर लिया। चर्च में प्रार्थना सभा सुबह से ही शुरू हो गई थी। इसमें बच्चों, महिलाओं, पुरुषों ने प्रभु के दुख भोग का स्मरण किया। शाम चार बजे चर्च परिसर में प्रभु के दुख भोग यात्रा के 14 अहम मुकामों का जॉन कुजूर के नेतृत्व में झांकी के जरिए भावपूर्ण प्रस्तुतीकरण किया गया। इसमें मानव जाति के लिए शांति, राष्ट्रीय एकता, प्रेम, सद्भाव, सेवा आदि की प्रार्थना की गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि प्रभु ईसा मसीह सभी मनुष्यों के पापों को नष्ट करने के लिए पीड़ा से मुक्ति, मोक्ष देने के लिए अपने को सूली पर चढ़ा दिया। इस मौके पर प्रभु के इस बलिदान को मानव जाति के हित के लिए श्रेष्ठ बताया। इस दौरान फादर दिलराज, फादर गुरु, फादर ब्रेन आदि मौजूद रहे।